बरेली के कस्बा शेरगढ़ अतिक्रमण हटाते समय ईओ-दुकानदार में मारपीट
बरेली के शेरगढ़ कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) दुर्गेश कुमार सिंह और एक दुकानदार व उनके परिजनों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना बुधवार को मुख्य सड़क पर पुलिस की मौजूदगी में हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
नगर पंचायत की टीम बुधवार को कस्बे की मुख्य सड़क पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। पिछले दो दिनों से यह अभियान चल रहा है। कस्बे में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें सड़क तक फैला रखी हैं, जिससे फुटपाथ खत्म हो गया है और रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी कारण प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया था।आरोप है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदार शेखर गुप्ता ने कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उन्हें निशाना बनाकर की जा रही है। इसी बात को लेकर ईओ दुर्गेश कुमार सिंह और शेखर गुप्ता के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई,घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिए। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। इस घटना से नगर पंचायत कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया।कर्मचारियों का कहना है कि यदि ईओ और उनके साथ हुई घटना पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे थाने का घेराव करेंगे। वहीं, ईओ दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि अतिक्रमण हटाना नगर पंचायत की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसमें बाधा डाली जाएगी तो प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। ईओ ने यह भी बताया कि बृहस्पतिवार से अतिक्रमण अभियान को और तेज किया जाएगा।