बरेली में शाही-शेरगढ़ रोड पर बदमाशों ने सराफा व्यापारी से आठ लाख की जेवर लूट
बरेली के शेरगढ़ - शाही रोड पर गांव जियानगला के पास सोमवार शाम अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे सराफा व्यापारी को छह नकाबपोश बदमाशों ने लूट लिया। दो बाइक पर सवार इन बदमाशों ने सराफा व्यापारी से 27 हजार रुपये और करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने सराफा व्यापारी की तमंचे की बट से पिटाई कर दी। बचाने आए ग्रामीण की भी पिटाई कर दी और हवाई फायरिंग करते भाग गए।
सर्राफा व्यापारी कस्बा शाही के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी सुभाष रस्तोगी की सराफा दुकान शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगरिया सोबरनी स्थित चौधरी मार्केट में है। दुकान बंद कर शाम साढ़े चार बजे करीब सुभाष बाइक से घर जा रहे थे। वह शाही-शेरगढ़ मार्ग पर कुडका भट्ठा के नजदीक पहुंचे थे। तभी पीछे से दो बाइक पर सवार छह नकाबपोश बदमाशों ने सराफ को धक्का देकर बाइक से गिरा दिया।
वह सराफ को तमंचों की बट से पीटने लगे। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उनसे बैग छीन लिया। बताते हैं कि घटना के दौरान गांव कुडका निवासी शेर सिंह यहां आ गए। उन्होंने सराफ को बचाने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने शेर सिंह पर भी हमला कर दिया। आसपास के ग्रामीण को आता देख बदमाश दो हवाई फायर कर अपनी दोनों बाइक से भाग गए।
सराफा व्यापारी ने बताया कि उनके बैग में 27 हजार रुपये, साढ़े चार किलो चांदी व तीन तोला सोना था। इस जेवर की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। घटनास्थल पर पड़ी सराफ की बाइक के पास कारतूस भी पड़ा मिला। घटना के बाद शेरगढ़ व शाही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा व सीओ बहेड़ी अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। सराफा व्यवसाई ने शेरगढ़ थाने में छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है पुलिस सभी बदमाशों के लिए कॉम्बिंग कर रही है आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा ने बताया जल्दी ही इस घटना का खुलासा भी किया जाएगा जो भी इस घटना में शामिल कोई नहीं बच पाएगा