बिजली विभाग का जूनियर इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
बरेली।बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ग्राम रसुस्पुर बिलहरी में आयोजित बिजली बिल जमा कैंप के दौरान की गई, जिससे पूरे विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह ने एंटी करप्शन टीम को शिकायत दी थी कि उनकी मां के नाम से नए बिजली कनेक्शन के लिए एस्टीमेट तैयार कराने के बदले जूनियर इंजीनियर प्रदीप बाबू भारती द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। आरोप है कि रिश्वत न देने पर कनेक्शन की प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जा रही थी।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार को बिल जमा कैंप के दौरान जैसे ही आरोपी इंजीनियर ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एंटी करप्शन टीम के पर्यवेक्षक सान्याल ने किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाना सिविल लाइन में उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।