बरेली के मीरगंज हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से टेम्पो पलटा, एक ही परिवार के 10 लोग घायल
बरेली के मीरगंज नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें भात मांगने जा रहा एक ही परिवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जानकारी के अनुसार थाना सिरौली क्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी परिवार टेम्पो से शाही थाना क्षेत्र के गांव बीथम नौगमा जा रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। शिवपुरी निवासी कल्लू पुत्र पीतम की पुत्री की शादी 25 अप्रैल को होनी है। शादी से पहले होने वाली ‘भात’ रस्म के लिए परिवार के लोग ढोलक-बाजे के साथ टेम्पो में सवार होकर बीथम गांव जा रहे थे।मीरगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने शाम करीब 8 बजे टेम्पो गलत दिशा में पहुंच गया, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।हादसे में कल्लू पुत्र पीतम, चमेली पत्नी कल्लू, निखिल पुत्र दिनेश, धनवती पत्नी बासुदेव शर्मा, हेमा पुत्री मोहनलाल, देवकली पुत्री रूप सिंह गंगवार, पूजा पत्नी परमेश्वरी, आवना पत्नी साविर, मंतसा पुत्री साविर निवासी शिवपुरी तथा चालक दोदराम वर्मा पुत्र नेतराम निवासी नसरतगंज समेत कुल 10 लोग घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को टेम्पो से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल लोगों को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर घायलों को एंबुलेंस से बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन को तलाश कर रही है