पीटीसी ग्राउंड में मंगलवार को विजयादशमी पर मुख्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। यहां 51 फीट ऊंचे रावण के साथ मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया गया। बाण लगते ही 2 मिनट में पुतला जलकर राख हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे राधे-राधे संकीर्तन और भजन संध्या से हुई। इसके बाद शाम 7 बजे रावण दहन किया गया। इस दौरान सतरंगी आतिशबाजी हुई और 'जय श्रीराम' के नारे गूंजे।महोत्सव में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी और निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 51 फीट ऊंचे रावण का पुतला तैयार करने के लिए गुना से 10 कलाकार सागर आए थे। कलाकारों ने 5 दिन तक काम कर पुतला बनाया। इसका ढांचा बांस, लकड़ी की बल्लियों, रस्सी और तार से तैयार किया गया। सजावट के लिए टोकरी, कागज, कपड़े, गत्ते और सजावटी सामग्री का इस्तेमाल किया गया। दशहरा महोत्सव को लेकर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा, पार्किंग और आवाजाही के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।