बरेली (उत्तर प्रदेश) फतेहगंज पश्चिमी से फरार महिला स्मैक तस्कर हफीजन को बारादरी पुलिस ने उत्तराखंड बार्डर से गिरफ्तार कर लिया। वह राज्य छोड़कर भागने की फिराक में थी। हफीजन पर 25 हजार रुपये का इनाम भी था।
सहायक पुलिस अधीक्षक साद मियां खां ने बताया कि सात जुलाई को चेकिग के दौरान श्यामगंज चौराहे से बिथरी चैनपुर निवासी राजू व मुन्ना को पुलिस ने 1.5 किलो स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था।
इसके बाद आरोपितों की निशानदेही पर बारादरी पुलिस ने उनके गांव के ठिकाने पर दबिश दी थी। वहां से पुलिस को 40 लाख रुपये मिले थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपियों की फतेहगंज पश्चिमी निवासी महिला साथी हफीजन फरार हो गई थी।
जिसके बाद उसका नाम मुकदमे में शामिल किया गया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उत्तराखंड बार्डर पर बने सिंह ढाबे के पास से पुलिस टीम ने हफीजन को गिरफ्तार कर लिया।
बरेली पुलिस का कहना है स्मैक तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिले में इस पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा। बरेली से अतुलेश कुमार पांडे की रिपोर्ट