सागर - नवरात्रि के पावन पर्व पर श्री बालाजी प्रभात जन सेवा समिति ने संकल्प फाउंडेशन के साथ मिलकर मंगलवार को भूतेश्वर मंदिर में भंडारे का आयोजन किया। भाजपा के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने शामिल होकर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की और सेवा कार्य में सहभागिता की। धार्मिक आस्था और भक्तिभाव के साथ आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर रिशांक तिवारी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की आराधना के साथ सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से सेवा कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है और प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे आयोजनों में सहभागिता कर सेवा भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।
भंडारे में रमेश्वर कोरी, विजय चंदू कोरी, राजेश कोरी, शैलेन्द्र पटेल, राजेश फुसकेले, इंद्रपाल रैकवार, आशीष कोरी, खचोरी मुरलीधर मामा, मनीषा जैन, दीपा प्रजापति, यशोदा कोरी, शुभम नामदेव, नमन चौबे एवं संचित शुक्ला सहित अन्य लोगों की सहभागिता रही।