कांग्रेस की आदत कपड़े फाड़ने की, सत्ता में आई तो जनता के कपड़े फाड़ेगी : केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
सागर - चुनाव में कांग्रेस का कपड़ा फाड़ने का मुद्दा सभाओं में मंच से गूंज रहा है। सागर जिले में आज रविवार को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की सुरखी, नरयावली, बंडा व बीना में चुनावी सभाएं हुई। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस में चुनाव के पहले से ही कपड़े फाड़ने का काम नेता कर रहे थे। यदि इनकी सरकार बन गई तो ये जनता के कपड़े फाड़ने का काम करेंगे। इनसे बचकर रहने की जरूरत है। उन्होंने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनके लिए जनता के प्रति हमदर्दी थी अपनी सरकार बन पर जनता से किए वादे पूरा क्यों नही किए। कमलनाथ सरकार ने पीएम मोदी द्वारा दिए गए आवास को वापिस कर दिया। यह उनका तरीका है । अब कमलनाथ आराम फरमाए यही बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की जनता को जनार्दन मानकर उसकी सेवा करती है, जबकि कांग्रेस पार्टी परिवार को जनार्दन मानती है और उसी की परवरिश में लगी रहती है। श्री मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है। मोदी जी ने पिछले 9 वर्षों में जितने कार्य किए हैं, वह कांग्रेस 50 साल के शासनकाल में भी नही कर पाई थी।
सुरखी की सभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान क्रिकेट के धोनी हैं। वे सेवक के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मैंने मध्यप्रदेश में कई सभाएं की हैं। जब वे सभा में पहुंचते हैं तो लोग मामा-मामा के नारे लगाने लगते हैं, यह प्रेम और स्नेह उन्हें जनता की सेवा से मिलता है। रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी चुनावी चिड़ियां हैं। इन पार्टियों का मध्यप्रदेश की जनता से कोई वास्ता नहीं है। चुनाव के समय मध्यप्रदेश आएंगी और लोगों को बरगलाने का कार्य करेंगी। चुनाव संपन्न होने के बाद वापस उत्तर प्रदेश और दिल्ली स्थित अपने घोंसले में चली जाएंगी। मध्यप्रदेश की जनता इन चुनावी चिड़ियों से सतर्क रहे।