वाराणसी के रामनगर के भाजयुमो के नगर अध्यक्ष अर्जुन शर्मा और महामंत्री विकास बघेल के साथ बुधवार को रामनगर थाने के पुलिस कर्मियों ने दुर्व्यवहार किया। इससे नाराज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रामनगर थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। मामले को तूल पकड़ता देख कर रामनगर थाने में लंका इंस्पेक्टर के साथ एसीपी भेलूपुर भी पहुंचे। अंततः चार पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया, तब जाकर मामला शांत हुआ।रामनगर थाने के मच्छरहट्टा वार्ड में दो पक्षों में लड़ाई हो गई थी। पुलिस दोनों पक्षों को रामनगर थाने ले आई थी। इसकी जानकारी पाकर भाजयुमो के नगर महामंत्री विकास बघेल रामनगर थाने जाकर दोनों पक्षों से समझौता करने के लिए बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि उसी बीच थाने के एक दरोगा और कुछ सिपाही उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। कहासुनी के बाद उनकी पिटाई भी की गई। इसकी सूचना पाकर भाजयुमो नगर अध्यक्ष अर्जुन शर्मा भी रामनगर थाने गए। आरोप है कि उनके साथ भी पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। इसकी सूचना पाकर भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष रजत जयसवाल, महामंत्री ओम तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता रामनगर थाने पहुंचे।सभी लोग दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इंस्पेक्टर लंका अश्विनी पांडेय, इंस्पेक्टर रामनगर भरत उपाध्याय और एसीपी भेलूपुर प्रवीण सिंह के समझाने पर कड़ी मशक्कत के बाद सभी शांत हुए। रामनगर थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि दुर्व्यवहार के आरोपी चार पुलिस कर्मियों अंगद यादव, आशीष राय, सुमित यादव और राघवेंद्र सिंह को डीसीपी काशी जोन ने लाइन हाजिर कर दिया है।