शहर में सड़कों के किनारे जहां-तहां खुले में पेशाब करना या गंदगी करना अब महंगा पड़ेगा। ऐसा करने वाले लोगों पर जुर्माना लगना शुरू हो गया है। चेतगंज क्षेत्र में खुले में पेशाब करने वाले युवक पर निगम के कर्मचारियों ने 100 रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की रसीद सोशल मीडिया पर वायरल है। ठेला संचालक को निगम के अधिकारियों ने आगे से ऐसा नहीं करने की हिदायत भी दी। क्षेत्र के निवर्तमान पार्षद शंकर साहू ने आरोप लगाया कि जी-20 की तैयारियों के नाम पर प्रशासन आए दिन व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। शहर में नगर निगम की ओर से न सीवर लाइन ठीक कराया जा रहा है और न ही सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था ही ठीक है। निगम को पहले अपनी व्यवस्था ठीक करनी चाहिए। इसके बाद चालान की कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एनपी सिंह ने कहा कि शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गंदगी फैलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।