जलसत्याग्रह के दौरान भाजपा और प्रशासनिक अधिकारियों पर साधा निशाना
सागर - सागर के बंडा क्षेत्र में बने बृहद परियोजना उल्दन बांध के विस्थापन में वंचित परिवारों ने जल सत्याग्रह आंदोलन कर धरना दिया। बंडा के बहरोल में बनी धसान नदी में मुआवजा से वंचित परिवारों के साथ आंदोलन में बंडा विधानसभा के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी भी धरने में शामिल हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में विधायक रहते हुए बांध की वजह से जो परिवार डूब के दायरे में आए है जिन्हें न तो उचित मुआवजा मिला न ही कई परिवारों को विस्थापन में शामिल किया ऐसे परिवारों के लिए सरकार से मांग की थी कि उन्हें उनका अधिकार मिले लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई वर्तमान भाजपा विधायक द्वारा चुनाव के समय बहरोल डूब क्षेत्र के लोगों को मुआवजा दिलाने और वंचित परिवार को विस्थापन में शामिल करने का आश्वासन दिया गया था उस आश्वासन को चुनाव के बाद भूल गए । वहीं बहरोल ग्राम पंचायत के वरिष्ठ दिनेश जैन ने क्षेत्र वासियों के साथ मिल कर जलसत्याग्रह में हिस्सा लेते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बहरोल, ग्राम पंचायत कुल्ल, ग्राम पंचायत किरौला, ग्राम पंचायत पिपरिया, ग्राम पंचायत सेमरा, ग्राम पंचायत उल्दन और ग्राम पंचायत हनौता सरिया में बृहद उल्दन बांध परियोजना में किए गए विस्थापन में बड़ी गड़बड़ी की गई है उन्होंने बताया कि मुआवजा के 9 लाख रूपये एकड़ तय किए गए थे लेकिन वह 6 लाख 20 हजार में आ गया जबकि कुछ परिवारों को 4 से 5 लाख एकड़ का मुआवजा दिया गया। दिनेश जैन ने बताया कि बांध से लगे कुछ परिवारों को विस्थापन में छोड़ दिया गया जिसको लेकर वह प्रशासन के कई चक्कर लगा चुके है लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जिन परिवारों को कम मुआवजा मिला है उन्हें उचित मुआवजा मिले और जो परिवार विस्थापन से वंचित रह गए उन्हें शामिल किया जाए। अगर प्रशासन नहीं सुनता है तो भोपाल मुख्यालय में धरने की बात कही।