सागर - मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाये।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्रेषित पत्र में अनुरोध करते हुए पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि उनके विधानसभा क्षेत्र खुरई में किसानों को खरीफ सीजन में पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया खाद उपलब्ध न होने से उनको अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक माह के दौरान खुरई तहसील के किसानों में डीएपी एवं यूरिया की भारी मांग है, परन्तु डबल लॉक गोदाम खुरई में एक माह से डीएपी/यूरिया उपलब्ध नहीं है। दो-तीन दिवस पूर्व मध्य प्रदेश राज्य कृषि उद्योग विकास निगम लिमि., खुरई में कुछ डीएपी आया है, परन्तु सर्वर की परेशानी एवं एग्रो कर्मचारियों की अव्यवस्थित वितरण प्रक्रिया के कारण उसका वितरण समय पर नहीं हो सका है। ऐसी ही स्थिति मालथौन तहसील में भी है, यहां खाद के साथ नैनो यूरिया की बॉटल किसानों को जबरन वितरित की जा रही है। विगत 8-10 दिनों से यहां भी डीएपी उपलब्ध नहीं है।
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि चूंकि किसानों को वर्तमान में उक्त खाद की मांग बढ़ रही है इसे कारण डीएपी/यूरिया की पूर्ति सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। खाद वितरण से नाराज किसानों द्वारा दिनांक 18 अगस्त 2025 को खुरई में खुरई-पठारी वॉयपास मार्ग पर चक्काजाम भी किया गया जिससे करीब दो घण्टे तक यातायात बाधित रहा। सरकार की मंशानुसार किसानों को समय पर पर्याप्त खाद की उपलब्धता होती रहे इसके लिये कृषि विभाग को व्यवस्थित वितरण व्यवस्था एवं पर्याप्त खाद उपलब्धता हेतु निर्देश दिया जाना उचित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भूपेन्द्र सिंह ने अनुरोध किया है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में डीएपी, यूरिया खाद की उपलब्धता एवं व्यवस्थित वितरण व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने हेतु विभाग के अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश देने की कृपा करें।