सागर - मध्यप्रदेश के सागर जिले के खुरई में सामूहिक सुसाईड का मामला सामने आया है। इस हादसे के बाद गांव में मातम छाया है। खुरई के ग्राम टीहर में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के चार सदस्यों ने घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंचकर सामूहिक आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है मरने के बाद संपति का बंटवारा किसको क्या देना है ।
पुलिस के मुताबिक जानकारी के अनुसार, मनोहर लोधी (45), मां फूलरानी (70), बेटी शिवानी (18) और बेटा अनिकेत (16) के साथ टीहर गांव के पास खेत में बने मकान में रह रहे थे। उनकी पत्नी कुछ दिन पहले ही मायके गई थी। शुक्रवार रात उल्टियां करने की आवाज सुनकर ऊपरी मंजिल पर रहने वाला मनोहर का भाई नंदराम नीचे आया। उसने पूरे परिवार को उल्टियां करते देख घरवालों को बताया। फौरन पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान फूलरानी और अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई। शिवानी ने खुरई अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि मनोहर की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मनोहर के भाई नंदराम ने बताया कि खेत में बने मकान की दूसरी मंजिल पर उनका एक और भाई रहता है। रात में नीचे से खांसी की आवाज सुनकर वह गया, जहां पूरा परिवार उल्टियां कर रहा था। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। मनोहर और शिवानी को अस्पताल ले जाया गया, जबकि मां फूलरानी और अनिकेत की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। बाद में शिवानी ने सिविल अस्पताल में और भाई मनोहर ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
नंदराम के मुताबिक परिवार ने आत्महत्या क्यों की, यह किसी को नहीं पता है। मृतक मनोहर के तीन भाई और हैं। खेत में बने घर में मनोहर के साथ एक भाई रहता है जो बौद्धिक दिव्यांग है। वहीं, दो भाई गांव में रहते हैं।
सुसाईड नोट की जांच होगी : एएसपी लोकेश सिन्हा
एएसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि खुरई जहरीला पदार्थ खाकर एक परिवार ही के चार लोगों ने सुसाइड किया है। प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ है। एक सुसाइड नोट मिला है। इसका परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की पूरी जांच की जा रही है।