सागर - मध्यप्रदेश के सागर में इन दिनों चोरों ने मंदिरों और पाश कॉलोनी के घरों को निशाना बना रखा था, सागर के थाना गोपालगंज ने मुखबिर की सूचना पर एक चोर को हिरासत में लिया है, जिसने मंदिर और घरों की चोरी की वारदात को स्वीकार किया है। दरअसल यह चोर देर रात मंदिरो और सूने मकानों को अपना निशाना बना कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करता था, जिसे अब गोपालगंज थाना पुलिस ने धर दबोचा है, आरोपी की पहचान चंद्रशेखर वॉर्ड निवासी राम उर्फ राजकुमार ठाकुर (19) के रूप में की गई है। उसने पूछताछ में तीन चोरियां करना कबूल किया है। पुलिस आरोपी चोर से चोरी का माल बरामद कर उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। बता दे कि हाल ही में दो मंदिरों और एक सूने मकान को इस चोर ने अपना निशाना बनाया था। रविवार को अहमदनगर स्थित हनुमान मंदिर और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर में चोरी हुई थी। इससे पहले 11 अक्टूबर को शिवराज कॉलोनी में भी एक सूने मकान में चोरी की गई थी। लगातार हो रही वारदातों के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक टीम बनाई थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास और स्मार्ट सिटी के कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध नजर आया। इसके बाद मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई, जिससे आरोपी राम उर्फ राजकुमार ठाकुर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।