लखनऊ: पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़ो की खबरें तो अक्सर सामने आती रहती है, लेकिन इस बार तो चौका देने वाला मामला सामने आया है जिसके बाद से पति की बोलती ही बंद हो जाएगी। ऐसा नायाब मामला यूपी की राजधानी लखनऊ से आया है। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के राधाग्राम मुहल्ले में शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। झगडा इतना बढ़ गया कि आग बबूला हुई पत्नी ने पति की जुबान दांत से काट ली, जिससे जीभ कटकर गिर गई। घायल पति मुन्ना को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा हैं। पुलिस महिला सलमा को गिरफ्तार कर जांच में जुट गई है।
ठाकुरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विकास राय ने आरोपी महिला को गिरफ्तार करके पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी सलमा ने बताया कि वह राधाग्राम कॉलोनी में रह रही है। तीन साल पहले उसका विवाद तकिया निवासी मुन्ना (पति) के साथ हुआ था। पिछले एक साल से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा और दोनों अलग रह रहे हैं, जबकि दोनों बच्चे मुन्ना के साथ रह रहे हैं।
26 जनवरी को काटी जीभ
इसके आगे आरोपी महिला ने बताया कि 26 जनवरी यानी गुरुवार को वह अपने बच्चों से मिलने मुन्ना के घर पहुंची, जहां दोनों के बीच एक बार फिर झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के दौरान मारपीट भी शुरू हो गई। सलमा ने मौका पाकर मुन्ना की जीभ दांत से काट ली। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो देखा कि जीभ नीचे पड़ी हुई है और मुन्ना तड़प रहा है। आनन-फानन में घायल मुन्ना को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां, उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस सलमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस ढूंढ़ रही जीभ का टुकड़ा
एडीसीपी पश्चिम चिरंजीवनाथ सिन्हा ने इस मामले में बताया कि मामूली झगड़े में नाराज पत्नी ने पति की जीभ काट ली है। आरोपी पत्नी ने घरेलू नोकझोंक के चलते पत्नी ने यह कदम उठाया है। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों अलग रहते थे। आरोपी महिला सलमा जब पति के घर पर बच्चों से मिलने पहुंची तो फिर से झगड़ा शुरू और पत्नी ने अपने पति की दांत से जीभ काट ली। इससे वह घायल हो गया। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज लिया है और जुबान का गायब टुकड़ा खोज रही है।