सागर - मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने जन्मदिन को विशेष रूप से सार्थक बनाते हुए अंध, मूक, बधिर और दिव्यांग बच्चों के साथ सहभोज किया। होटल रॉयल पैलेस में आयोजित इस भावपूर्ण कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कुराहट और उनके हृदय से झलकता स्नेह मंत्री राजपूत के लिए सबसे अनमोल उपहार बना।
मंत्री राजपूत ने कहा कि बच्चों के बीच बिताए पल मेरे लिए आत्मिक शांति और आनंद का स्रोत हैं। उनकी मुस्कान और स्नेह सेवा, प्रेम और समर्पण के सच्चे अर्थ को जीवंत करता है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इन बच्चों को किसी भी सहायता की आवश्यकता होगी, तो वह और भारतीय जनता पार्टी की सरकार सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। मंत्री राजपूत ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य इन बच्चों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करना और उनके अभिभावकों को पालन-पोषण में सहयोग देना है। उन्होंने समाज से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन या किसी विशेष दिन पर इन बच्चों के साथ समय बिताए और उनकी मदद करे। बच्चों ने भी इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत के साथ खूब मस्ती करते हुए अपने विशेष अंदाज में गाना सुनाकर मंत्री श्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।