सागर - नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने धनतेरस के दिन सपरिवार कटरा बाजार पहुंचकर स्थानीय व्यापरीयों से स्वदेशी दीपक, सजावट एवं पूजन सामग्री आदि उत्पाद ख़रीदे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 'वोकल फॉर लोकल' और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए देशभर में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय नागरिकों और देशवासियों को स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी बिक्री हेतु प्रोत्साहित व प्रेरित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में निगमायुक्त श्री खत्री अपनी धर्मपत्नी एवं बच्चों सहित कटरा बाजार में दीपावली की खरीदी करने पहुँचे। उन्होंने कटरा में फुटपाथ पर दुकान लगाये स्थानीय महिला से मिट्टी के हस्तनिर्मित दीपक, माला आदि ख़रीदे। बच्चों ने सुंदर रंगों से सजे मिट्टी के गुल्लक खरीदे। निगमायुक्त ने विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर विक्रेताओं से संवाद भी किया और स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री करने हेतु उन्हें प्रोत्साहित भी किया। ताकि अधिक से अधिक देशवासी स्वदेशी वस्तुओं को खरीदकर देश को आर्थिक मजबूती प्रदान करने में सहयोगी बन सकें।