आज के दिन से शुक्र की चाल बदलेगी। ये ग्रह अब अपनी उच्च राशि में आ जाएगा। शुक्र बुधवार की शाम करीब 6:30 पर मीन राशि में प्रवेश करेगा। यहां 26 दिन रहने के बाद फिर 23 मई की रात को करीब साढ़े 8 बजे मेष राशि में चला जाएगा। देवगुरु के घर यानी मीन राशि में शुक्र का रहना बड़े बदलाव का संकेत दे रहा है।
मिथुन, कन्या और तुला राशि के लिए अशुभ: शुक्र के राशि बदलने से मिथुन, कन्या और तुला राशि वाले लोगों को संभलकर रहना होगा। इन राशियों के लोगों के फालतू खर्चे बढ़ सकते हैं। दांपत्य सुख में कमी आ सकती है। राज की बातें उजागर हो सकती है। मेहनत बढ़ेगी। अपोजिट जेंडर वालों से संबंध बिगड़ सकते हैं। विवाद और दौड़-भाग भी हो सकती है।
कुंभ और मीन सहित सात राशियों के लिए शुभ: शुक्र की चाल में बदलाव होने से वृष, कर्क, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि वाले लोगों के लिए अच्छा समय रहेगा। इन 7 राशियों के नौकरीपेशा और बिजनेस करने वाले लोगों को फायदा हो सकता है। कामकाज की तारीफ होगी और आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं। किस्मत का साथ मिलेगा। दुश्मनों पर जीत मिलेगी। लव लाइफ और दांपत्य जीवन में सुख मिलेगा।
सिंह और मेष राशियों के लिए मिला-जुला समय: अपनी उच्च राशि में शुक्र के आ जाने से सिंह और मेष राशि वाले लोगों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन राशि वालों की सेहत में सुधार होगा लेकिन रोजमर्रा के कामों में रुकावटें आ सकती है। पैसा खर्चा हो सकता है। दांपत्य सुख में कमी आ सकती है। साझेदारी संबंधी मामलों में उलझने आ सकती है। बिजनेस के जरूरी फैसले सोच-समझकर लेने होंगे।
शुक्र के राशि परिवर्तन से होगा राजनीति में फेरबदल: शुक्र का मीन राशि में आना सुखद और फलदायी रहेगा। मीन जल तत्व की राशि है और शुक्र रस प्रधान ग्रह है। जो भौतिक सुख-सुविधाओं और समृद्धि का ग्रह है। इसके प्रभाव से कृषि, कला, इलेक्ट्रॉनिक्स और सौंदर्य प्रसाधन के क्षेत्र से जुड़े लोगों को फायदा होगा।
ये राशि परिवर्तन कई लोगों के लिए अच्छा रहेगा। कला से जुड़े लोगों में उत्साह दिखेगा। ग्लेमर और फैशन से जुड़े लोगों के लिए फायदे वाला समय रहेगा। देश की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। बाजार में खरीदारी और निवेश बढ़ेगा। लेकिन महंगाई में कमी नहीं आ पाएगी। राजनीति में बड़े फेरबदल और आपसी विवाद के योग बनेंगे।