सागर/भोपाल - विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भोपाल पहुँचकर पर्युषण पर्व के उपरांत परम पूज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज का सानिध्य प्राप्त किया। उन्होंने सागर में हाल ही में सम्पन्न हुए भव्य सामूहिक क्षमावाणी महापर्व की जानकारी पूज्य मुनि श्री को दी।
विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुनि श्री को निवास पर आयोजित क्षमावाणी कार्यक्रम के सफल आयोजन और समाज की व्यापक सहभागिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सागर नगर में हजारों श्रद्धालुओं ने पूज्य मुनि श्री विमल सागर जी महाराज, अनंत सागर जी महाराज और पूज्या आर्यिका विजिज्ञासा श्री माताजी के सान्निध्य में सामूहिक क्षमा प्रार्थना की।
पूज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी ने विधायक जैन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि –
“क्षमा का भाव ही जीवन की सबसे बड़ी साधना है। समाज को एक मंच पर लाना और क्षमा धर्म को आत्मसात करने का अवसर देना वास्तव में पुण्य का कार्य है।”
विधायक शैलेंद्र जैन ने पूज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी से आशीर्वाद प्राप्त कर कहा –“सागर नगर की पवित्र धरती को पूज्य संतों का सानिध्य निरंतर मिलता रहे, यही मेरी कामना है। मुझे संतोष है कि सामूहिक क्षमापना जैसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और धर्ममय वातावरण निर्माण में सहायक हो रहे हैं।”उन्होंने पूज्य मुनि श्री को सागर आगमन के लिए श्री फल भेंट किया।
इस अवसर पर विधायक जैन ने कहा कि समाज की शांति, एकता और प्रगति तभी संभव है जब हम अहंकार त्यागकर क्षमा और सामंजस्य के भाव को आत्मसात करें।
इस अवसर पर पूज्य मुनि श्री ने विधायक जैन को अपनी पुस्तक भेंट की।