सागर - नगर के जैन हाईस्कूल के समीप स्थित तिराहे का नामकरण श्री सेन जी महाराज के नाम से करने व उनकी प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव नगर निगम परिषद में पारित करने पर सेन शक्ति महा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वर सेन के नेतृत्व में पहुंचे समाज जनों ने पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह तथा महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया।
अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि महापौर व समस्त निगम परिषद ने सांस्कृतिक समरसता एक बड़ा निर्णय लिया है। यह हम सभी का कर्तव्य व जिम्मेदारी थी जिसे महापौर श्रीमती संगीता तिवारी व समस्त परिषद ने पूरा किया है। अपनी संस्कृति के सभी महापुरुषों और उनके इतिहास का सम्मान करने से ही हमारा राष्ट्र एकसूत्र में बंधेगा। उन्होंने कहा कि वर्षो से सेन समाज की यह मांग थी जिसके पूरा होने पर मैं सेन समाज के अध्यक्ष व सभी सम्मानित सदस्यों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व कर्पूरी ठाकुर को जननायक कहते हुए जो भावनाएं व्यक्त कीं उसके लिए प्रधानमंत्री जी का अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि सेन समाज हमेशा से भाजपा के साथ रहा है।