सागर - सागर के उपनगरीय मकरोनिया नगर परिषद की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई गुरुवार को विवादों में घिर गई । मकरोनिया नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 18 में हुई इस अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान नगर परिषद टीम के साथ मारपीट और गाली-गलौज होने का मामला सामने आया है। यह आरोप खुद वार्ड प्रभारी शैलेन्द्र अहिरवार ने लगाया है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद के कर्मचारी और इंजीनियर नियमित साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए वार्ड क्रमांक 18 में पहुंचे थे। कार्रवाई के तहत जब टीम ने एक मकान को अतिक्रमण मानकर तोड़ा, तो इसी बीच मकान मालिक भारत गौड़ मौके पर आ गए और बिना कुछ पूछे सीधे उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद गाली-गलौज भी की गई।
इस दौरान स्थानीय पार्षद के पति कमल चौधरी भी पहुंचे और उन्होंने भी अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि चौधरी ने उन्हें धमकी भी दी है।
शासकीय भूमि पर मकान का आरोप
वार्ड प्रभारी ने दावा किया कि जिस मकान को तोड़ा गया, वह दरअसल शासकीय भूमि पर बना था। उनका कहना है कि यह मकान पहले जमना पाण्डेय ने 80 हजार रुपये में बेचा था, जबकि यह जमीन सरकारी थी। इसी कारण नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई की। लेकिन मकान टूटने पर मकान मालिक ने गुस्सा कर्मचारियों और अधिकारियों पर निकाल दिया।
थाने में शिकायत
घटना के बाद नगर परिषद की टीम मकरोनिया थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।