बरेली में एलपीजी किल्लत के बीच डीजल-पेट्रोल को लेकर फैली अफवाह, पंपों पर लगी लंबी लाइन
बरेली में एलपीजी संकट के बीच पेट्रोल की कमी की अफवाह उड़ने पर मंगलवार को शहर के पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ लग गई। पंप के कर्मचारियों ने बताया कि जो लोग पहले 4-5 लीटर पेट्रोल पड़वाते थे, वह अब टंकी फुल करने के लिए कह रहे हैं। इसी के चलते तेल डालने में अधिक समय लग रहा है और लोगों की लंबी लाइन लग रही है। लेकिन अफसरों का दावा है कि जिले में पेट्रोल की कमी नहीं है। भरपूर मात्रा में जिले में पेट्रोल आ रहा है। शहर के प्रभा टॉकिज के सामने लंबी लाइन लगी रही। इसी तरह सिविल लाइन स्थित एचपी के पेट्रोल पंप बैरिकेडिंग कर दी गई। इससे पूर्व सोमवार को शहर के दो पेट्रोल पंप बंद होने पर पेट्रोल आपूर्ति ठप होने का हल्ला मच गया था। सोशल मीडिया पर संदेश वायरल होने पर कई लोग पंप पर पहुंचने लगे थे। वेंडरों ने संदेश को फर्जी बताकर लोगों को पेट्रोल-डीजल भरपूर होने की जानकारी दी। मिनी बाइपास स्थित पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह निरीक्षण करने पहुंचे थे।
पता चला कि ईंधन की किल्लत नहीं है, बल्कि वित्त वर्ष का आखिरी माह होने से पेट्रोलियम कंपनी ने उधारी पर तेल देने से मना कर दिया है। नकद भुगतान पर टैंकर भेज रही हैं। जिन पंप संचालकों ने नकद भुगतान नहीं किया, उन्हें तेल नहीं मिला। श्यामगंज स्थित पेट्रोल पंप भी इसी वजह से बंद रहा। जिले के शेष पंप संचालित रहे। पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति ठप होने के संदेश को फर्जी बताया है।
भड़सर में भी पंप पर लगी कतार
हाफिजगंज के भड़सर में डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ने की अफवाह फैली। इससे पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी लाइन लग गई। कई दिनों से अफवाह फैल रही है कि अमेरिका ईरान युद्ध के चलते पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं, जिसके चलते मंगलवार को पंपों पर लोगों की भीड़ देखी गई। उधर पंप मालिकों ने बताया कि यह केवल अफवाह है। पेट्रोल डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है और ना ही पेट्रोल डीजल की कमी है। बरेली प्रशासन और पेट्रोल पंप मालिकों में कहा है कि डीजल और पेट्रोल की भरपूर मात्रा में उपलब्ध है अफवाह पर ध्यान ना दे लोग अपने विवेक से कम करें। इसको लेकर बरेली पुलिस भी अलर्ट है कि जो भी अफवाह फैलाएगा उसे पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।