बरेली के बहेड़ी में SBI मिनी ब्रांच संचालक का हुआ मर्डर
बरेली के कस्बा बहेड़ी में थाना शीशगढ़ के गांव रसूलपुर निवासी युवक सतेंद्र की जानलेवा हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
SBI मिनी बैंक संचालक के भाई सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई सतेंद्र बहेड़ी में भारतीय स्टेट बैंक की मिनी ब्रांच और सीएससी केंद्र चलाता था। घटना वाली रात करीब 8 बजे वह अपना केंद्र बंद कर बाईपास स्थित चौधरी होटल पर खाना खा रहा था।
इसी दौरान मोहम्मदपुर गोटिया निवासी अंकित कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहले से घात लगाए बैठा था और उक्त लोग सतेंद्र से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने सतेंद्र के साथ मारपीट की। सतेंद्र किसी तरह जान बचाकर वहां से अपनी मोटरसाइकिल से भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और बहेड़ी बाईपास रोडवेज बस स्टैंड के पास अंकित कुमार ने लोहे की रॉड से पीछे से सतेंद्र के सिर पर वार कर दिया। इस हमले से सतेंद्र मोटरसाइकिल सहित गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक अज्ञात एंबुलेंस चालक ने घायल सतेंद्र को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे। सतेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली के वेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया।
मृतक सतेंद्र की शादी कुछ साल पहले ही हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है। वह अपने दो भाइयों में छोटा था। परिवार में इस घटना से शोक का माहौल है।इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने मृतक के भाई सुरेंद्र की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। और पुलिस का कहना इस केस में जो भी आरोपी हैं किसी को बक्सा नहीं जाएगा।