बरेली की तहसील मीरगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस में किसानों के अनोखे विरोध से मचा हड़कंप
बरेली की तहसील मीरगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस में किसानों के अनोखे विरोध ,घुटनों के बल तहसील पहुंचे किसान नेता, वीडियो वायरल—प्रशासन पर लगाए अनदेखी के आरोप तहसील सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह एवं उपजिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 37 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई हेतु भेजा गया।समाधान दिवस के दौरान कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर एडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मीरगंज/फतेहगंज पश्चिमी व शेरगढ़ तथा सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। वहीं किसी भी थाने के प्रभारी निरीक्षक के उपस्थित न होने और केवल उपनिरीक्षकों के प्रतिनिधि के रूप में आने पर भी स्पष्टीकरण तलब किया गया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस दौरान समाधान दिवस में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घुटनों के बल चलते और जमीन पर रेंगते हुए जनसुनवाई कक्ष तक पहुंचे। किसानों के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन से सभागार में अफरा-तफरी मच गई। किसानों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।किसानों ने भिटौली नगला में जमीन के अंश निर्धारण, हल्दी दोद आलमपुर में हाईटेंशन लाइन हटाने, मनकरी में अवैध खनन, जर्जर सड़कों, गेहूं खरीद केंद्रों की अव्यवस्था और स्मार्ट मीटर हटाने सहित कई मुद्दे उठाए। इसके अलावा बगरऊ में फर्जी मुकदमे, रहपुरा जागीर में अनुसूचित जाति की भूमि पर कब्जा, फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और मनकरी से हरदोई श्यामपुर मार्ग के अधूरे निर्माण को लेकर भी नाराजगी जताई गई।ग्रामीणों ने भूमि विवाद, चकमार्ग अवरोध, तालाब पटने से फसल नुकसान, राशन कार्ड निरस्तीकरण, अवैध कब्जा, जबरन रास्ता निकालने और फसल काटने जैसे गंभीर मामलों की शिकायतें भी दर्ज कराईं। कई शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।प्रदर्शन के दौरान भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बालियान, जिला उपाध्यक्ष मदन लाल गंगवार, अरविंद सिंह सोमवसी, मीडिया प्रभारी विशाल पाल, जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह,चौधरी हरवीर सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। और इस ऊग्र आंदोलन की जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी।
वायरल हुआ विरोध का वीडियो
घुटनों के बल तहसील पहुंचने और रेंगते हुए जनसुनवाई कक्ष में प्रवेश करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के बाद शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।अनुपस्थित अधिकारियों पर सख्ती समाधान दिवस में कुल 37 शिकायतों में राजस्व की 12, पुलिस की 10, आपूर्ति की 7, बिजली की 6, ग्राम विकास की 1 और जल निगम की 1 शिकायत शामिल रही।