बरेली के थाना शेरगढ़ के गांव ब्योधा का युवक जो पत्नी की हत्या का आरोपी उसका शव नदी में मिला,
बरेली के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव ब्योधा निवासी एक युवक का शव रविवार को ढोड़ा नदी में उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान गौरव चौहान के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गुरुग्राम में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी था। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस कार्रवाई के डर से उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्रीय जानकारी के अनुसार, गौरव चौहान अपनी पत्नी रेखा और बच्चों के साथ हरियाणा के गुरुग्राम जिले के भांगरौला गांव में किराये के मकान में रहता था। वह मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि गौरव अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जाता है कि छह मई की तड़के करीब चार बजे दोनों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव ने सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी रेखा पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रेखा जान बचाने के लिए घर से बाहर गली की ओर भागी, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण करीब 100 मीटर दूर सड़क पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर गुरुग्राम के खेड़कीदौला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पत्नी की हत्या करने के बाद गौरव फरार हो गया था। ग्रामीणों के अनुसार, घटना वाले दिन ही वह रात में अपने पैतृक गांव ब्योधा पहुंच गया था। उसी दौरान उसके चचेरे भाई की शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें वह शामिल भी हुआ। इसी बीच गुरुग्राम पुलिस आरोपी की तलाश में गांव पहुंची, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।परिजनों ने बताया कि सात मई को गौरव कुछ समय के लिए घर लौटा था। इस दौरान उसने जेब से कुछ निकालकर खाया, पानी पिया और फिर घर से चला गया। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। बताया गया कि घटना से तीन दिन पहले वह अपने दोनों बच्चों को गांव छोड़ गया था।रविवार सुबह गांव का एक किसान ढोड़ा नदी किनारे खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर नदी में उतराते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान गौरव चौहान के रूप में हुई। सूचना पर सीओ बहेड़ी अरुण कुमार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।पुलिस का मानना है कि हत्या के मामले में लगातार दबिश और गिरफ्तारी के डर से गौरव ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मृतक और मृतका दोनों परिवारों और गांव में शोक का माहौल है। और सभी डरे हुए हैं।