सागर- भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने मंगलवार को होने वाले तीसरे चरण के मतदान के लिए मतदाताओं से आव्हान करते हुए कहा कि सजग और सक्रिय मतदाता ही लोकतंत्र के सबसे बड़े रक्षक हैं मतदाता भाई-बहन मंगलवार को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक वोट करके अपनी इस भूमिका को सार्थक करें।
जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के अंतर्गत मंगलवार को सागर लोकसभा क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी नागरिक लोकतंत्र और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति आस्था और विश्वास रखते आए हैं। चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और लोकसभा क्षेत्र के मतदाता भाई-बहन इसमें विचारपूर्वक तथा निर्भीक होकर भागीदारी करें और अपने वोट से लोकतंत्र को ताकत दें।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी।
मतदान के लिए भाजपा का कंट्रोल रूम तैयार, समस्याओं के निराकरण व जानकारियों के आदान प्रदान के लिए दिन भर नेताओं की तैनाती
सागर। तीसरे चरण में सागर लोकसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान के लिए भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। भाजपा कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। भाजपा के कंट्रोल रूम की कमान लोकसभा सह संयोजक श्याम तिवारी संभालेंगे।
सोमवार को पार्टी के नेताओं ने कंट्रोल रूम का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया। लोकसभा चुनाव 2024 की दृष्टि से मतदान के दिन विभिन्न गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बनाए गए लोकसभा स्तरीय नियंत्रण कक्ष का अवलोकन किया एवं बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि नियंत्रण कक्ष में भाजपा नेता, विधि विशेषज्ञ एवं कार्यकर्ता पूरे समय उपस्थित रहेंगे। लोकसभा सह संयोजक श्याम तिवारी ने बताया कि सुबह छह बजे छह लोगों को जगाकर मतदान कराएंगे कार्यकर्ता प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सुबह छह बजे उठकर छह लोगों को जगाएगा और उन्हें मतदान कराएगा।
कार्यकर्ता अपने परिवार के वोटर, मोहल्ले के पड़ोसी और फिर नाते रिश्तेदारों को मतदान कराएंगे। वहीं भाजपा ने बाइक चालकों की भी सूची तैयार की है। व मतदान केंद्र तक पहुंचने में अक्षम वोटरों को अपने दोपहिया वाहन पर बैठाकर मतदान केंद्र तक ले जाएंगे और मतदान के बाद घर तक छोड़ कर आएंगे। प्रत्येक बूथ पर पांच से 10 बाइक सवार तैनात किए जाएंगे।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी।