बालिकाओं को पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर किड्स एकेडमी स्कूल तिली में FOGSI की किशोर स्वास्थ्य पहल में “HER – Healthy, Empowered & Resilient” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, सुरक्षा, अधिकारों एवं आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में सॉंग्स अध्यक्ष डॉ. ज्योति चौहान ने बालिकाओं को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन, आयरन की आवश्यकता तथा एनीमिया से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अच्छे स्वास्थ्य के लिए सही खानपान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। सचिव डॉ. शिविका यादव ने मासिक धर्म जागरूकता पर अपने विचार रखते हुए बालिकाओं को मासिक धर्म की सामान्य शारीरिक प्रक्रिया, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के बारे में बताया। वहीं डॉ. स्मिता दुबे ने बालिका अधिकारों, आत्मसम्मान, सुरक्षा, समानता एवं सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, गलत व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने, आवश्यकता पड़ने पर विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी बालिकाओं को बालिका सशक्तिकरण संकल्प दिलाया, जिसमें स्वयं का सम्मान करने, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने, अन्य बालिकाओं का सहयोग करने तथा शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया। विद्यालय की प्राचार्य स्वाति श्रीवास्तव कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बालिकाओं की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संदेश था— “स्वस्थ बालिका, सशक्त बालिका, सुरक्षित बालिका—उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला।”