सागर - नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क एवं दुकानों के किराये की बकाया राशि की वसूली तथा आवासीय भवनों के व्यवसायिक उपयोग की जांच के लिए गठित उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई,साथ ही बकाया करों की राशि जमा न करने पर संबंधित परिसरों में तालाबंदी की कार्रवाई भी की गई।
आवासीय परिसर में आर ओ वाटर प्लांट में मिली कमियां
उड़नदस्ता दल ने तिली वार्ड में कैला माता मंदिर के पास विनय केशरवानी द्वारा आवासीय परिसर में आरओ वाटर प्लांट संचालित किया जाना , शासकीय भूमि में ट्यूबवेल, घरेलू नल कनेक्शन का उपयोग, व्यापार अनुज्ञा का अभाव तथा परिसर में बड़ी मात्रा में गंदगी पाए जाने पर स्थल को सील करते हुए तालाबंदी की कार्रवाई की गई।
दो मैरिज गार्डन पर कार्रवाई
इसी प्रकार अंबेडकर वार्ड स्थित कन्हैया मैरिज गार्डन के मानचित्र की स्वीकृति एवं संपत्तिकर निर्धारण आवासीय पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई। वहीं मोतीनगर स्थित आदर्श मैरिज गार्डन का संपत्तिकर निर्धारण भी आवासीय पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बेकरी पर कार्यवाई
पंतनगर वार्ड स्थित एक बेकरी प्रतिष्ठान को संपत्तिकर, जलकर एवं कचरा प्रबंधन शुल्क की बकाया राशि तत्काल जमा करने हेतु निर्देशित किया गया। टीम द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई।
अनियमितताएं पाए जाने पर राजस्व अधिकारी को नोटिस
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने उड़नदस्ता दल को विभिन्न स्थानों पर मिल रहीं अनियमितताओं को दृष्टिगत रखते हुए राजस्व अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उड़नदस्ता दल के प्रभारी सहायक आयुक्त आनंद मंगल गुरु ने बताया कि आवासीय परिसरों में व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करने तथा घरेलू नल कनेक्शन का व्यवसायिक उपयोग पाए जाने पर कनेक्शन को व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बिना स्वीकृति के संचालित मैरिज गार्डनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जाएगी।