श्री गौराबाई ट्रस्ट भवन, कटरा में 1 से 15 नवंबर तक आयोजित होगी साहित्य एवं आचार्य श्री की ससंघ चित्र प्रदर्शनी
सागर - परम पूज्य आचार्य भगवन श्री विभव सागर जी महामुनिराज द्वारा रचित 101 साहित्य की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन सागर के कटरा स्थित श्री गौराबाई ट्रस्ट भवन में किया जा रहा है। इसके साथ ही पूज्य आचार्य श्री की ससंघ चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो दिनांक 1 से 15 नवंबर तक श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ नगर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र जैन ने परम पूज्य आचार्य भगवन विभव सागर जी महामुनिराज के ससंघ दर्शन कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आचार्य श्री द्वारा रचित साहित्य को ज्ञान, धर्म, अध्यात्म एवं जीवन मूल्यों का अनमोल खजाना बताया।
उन्होंने कहा कि संतों और आचार्यों का साहित्य समाज को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, जैन दर्शन, अहिंसा, संयम और आत्मकल्याण के मार्ग को प्रशस्त करता है। इस प्रकार की प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को धार्मिक एवं आध्यात्मिक साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आचार्य भगवन द्वारा रचित 101 साहित्य का एक ही स्थान पर प्रदर्शन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पुण्य एवं प्रेरणादायी अवसर है। इस आयोजन को सफल एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने में प्रतीक जी शाहगढ़ का विशेष योगदान रहा। वहीं सुनील जी पड़वार ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण एवं सतत प्रयासों से प्रदर्शनी की व्यवस्थाओं को मूर्त रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर संतोष जी घड़ी, अशोक वीर, राकेश चच्चा, अभय बरायठा, अशोक पिंडरुआ सहित अनेक धर्मप्रेमी एवं समाजजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे 1 से 15 नवंबर तक श्री गौराबाई ट्रस्ट भवन, कटरा पहुंचकर इस ज्ञानवर्धक एवं आध्यात्मिक प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा पूज्य आचार्य भगवन के साहित्य एवं ससंघ चित्रों के माध्यम से धर्म और अध्यात्म की प्रेरणा प्राप्त करें।